Friday, 9th of October 2026

2027 के लिए सपाइयों ने गढ़ा 'प्रबल इंजन की सरकार' का पोस्टर!

Edited By: Mohd Juber Khan | Updated at:
2027 के लिए सपाइयों ने गढ़ा 'प्रबल इंजन की सरकार' का पोस्टर!

2027 के लिए सपाइयों ने गढ़ा 'प्रबल इंजन की सरकार' का पोस्टर!

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का जन्मदिन आज पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया गया। पार्टी मुख्यालय पर बड़ी तादाद में 'बधाई होर्डिंग' और 'शुभकामना पोस्टर' देखे गए, जिनमें अखिलेश यादव को उनके कार्यकाल और जनता के प्रति समर्पण के लिए सम्मानित भी किया गया।

हालांकि सपा सुप्रीमो के दस्तावेज़ों में अखिलेश यादव के जन्म की तारीख़ 1 जुलाई दर्ज़ है, लेकिन हर साल उनके जन्मदिन का सार्वजनिक रूप से जश्न 23 अक्टबूर को ही मनाया जाता है। समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और समर्थक इसी दिन को विशेष बनाने के लिए कई तरह के कार्यक्रम आयोजित करते हैं।

पार्टी मुख्यालय की दीवारें बधाई पोस्टरों से पटी

सपा मुख्यालय के बाहर इस बार विशेष होर्डिंग लगाई गई हैं, जिनमें अखिलेश यादव की फोटो और उनके राजनीतिक संदेशों को ख़ासतौर पर प्रदर्शित किया गया है। होर्डिंग पर नया नारा 'प्रबल इंजन की सरकार' लिखा गया है, जो कि यक़ीनन 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी की रणनीति को दर्शाता है। इस होर्डिंग में एक इंजन के रूपक का इस्तेमाल किया गया है। इंजन पर अखिलेश यादव की फोटो भी लगी हुई है और उसके कोचों में सपा सरकार द्वारा चलाई गई योजनाओं का बाक़ायदा उल्लेख भी किया गया है। सियासी जानकारों की मानें तो यह 'होर्डिंग वार' की नायाब कोशिश है, जिसमें पार्टी अपने नेता के जन्मदिन को राजनीतिक संदेश के रूप में बदल रही है।

सपा ने 2027 के लिए गढ़ा नया नारा, 'प्रबल इंजन की सरकार'

मीडिया गलियारों में ये बात आम हो चली है कि समाजवादी पार्टी ने 2027 के लिए 'प्रबल इंजन की सरकार' का नारा गढ़ लिया है, जिसका मक़सद जनता को याद दिलाना है कि पार्टी ने पिछली सरकारों में किस तरह से विकास के इंजन को प्रदेशभर में दौड़ाया था और आगामी चुनाव में इसे फिर से पटरी पर लाने का संदेश देना है। दरअसल संत कबीर नगर के सपा नेता जयराम पाण्डेय ने भी पार्टी मुख्यालय के बाहर विशेष होर्डिंग लगाई है, जिसमें अखिलेश यादव के कार्यों और योजनाओं का उल्लेख किया गया है। होर्डिंग पर यह भी लिखा गया है , “समृद्धि की फिर बहेगी बयार, जब आएगी 2027 में सपा की प्रबल इंजन सरकार।” इस तरह से पार्टी ने जन्मदिन को केवल उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि आगामी चुनाव की तैयारी का एक बेहतरीन मौक़ा भी बनाया है।