Tuesday, 26th of May 2026

मुलायम सिंह यादव जयंती: मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ने 'नेताजी' को ऐसे किया याद

By: GTC News Desk | Edited By: Mohd Juber Khan | Updated at: November 22nd 2025 04:47 PM
Trending News
मुलायम सिंह यादव जयंती: मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ने 'नेताजी' को ऐसे किया याद

मुलायम सिंह यादव जयंती: मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री ने 'नेताजी' को ऐसे किया याद

GTC News: आज ही के दिन 22 नवंबर 1939 को सैफ़ई में मुलायम सिंह यादव यानी 'नेताजी' का जन्म हुआ था। आज प्रदेशभर में मुलायम सिंह यादव को उनके जन्म दिन के मौक़े पर याद किया जा रहा है और उनको श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही हैं। इस फेहरिस्त में उत्तर प्रदेश के मौजूदा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हैं। उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने ज़माने के जाने-माने समाजवादी नेता और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को उनकी जयंती के मौक़े पर को श्रद्धांजलि अर्पित की। 

सीएम योगी ने कैसे किया मुलायम सिंह यादव को याद?

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 'एक्स' (पहले ट्विटर) पर उन्हें याद करते हुए कहा, "उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व रक्षा मंत्री, 'पद्म विभूषण' मुलायम सिंह यादव जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि!" वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक ने भी पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव को श्रद्धांजलि अर्पित की है। 

यूपी के डिप्टी सीएम ने कैसे किया मुलायम सिंह यादव को याद?

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने 'एक्स' पर लिखा, "समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को उनकी जयंती पर कोटि-कोटि नमन!"

1992 में मुलायम सिंह यादव ने की थी सपा की स्थापना

आपको बता दें कि मुलायम सिंह यादव ने साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। आपको बता दें कि 1989 में पहली बार, फिर 1993 और 2003 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने थे। मुलायम सिंह यादव देश के रक्षा मंत्री भी रहे थे। उन्होंने 1977 में जनता पार्टी की सरकार में पहली बार मंत्री का पद संभाला था। वह समाजवादी विचारक राम मनोहर लोहिया से प्रेरित थे और अपनी मज़बूत ज़मीनी पकड़ और पिछड़े वर्गों को संगठित करने के लिए जाने जाते थे। 

'पद्म विभूषण' से सम्मानित किए गए थे 'नेताजी'

मुलायम सिंह यादव को साल 2023 में मरणोपरांत (उनके निधन के बाद) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान 'पद्म विभूषण' से सम्मानित किया गया था। याद रहे कि उनका निधन 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की उम्र में हो गया था। 

Latest News