Friday, 10th of July 2026

मणिपुर हिंसा, उखरूल जिले के कई घरों में आगजनी के बाद कर्फ्यू लागू

Edited By: Preeti Kamal | Updated at: February 10th 2026 12:10 PM
Trending News
मणिपुर हिंसा, उखरूल जिले के कई घरों में आगजनी के बाद कर्फ्यू लागू

मणिपुर हिंसा, उखरूल जिले के कई घरों में आगजनी के बाद कर्फ्यू लागू

इंफाल, मणिपुर: मणिपुर पुलिस ने सोमवार को बताया कि उखरूल जिले के लिटन के आसपास के गांवों में शरारती तत्वों ने रात के दौरान में कई घरों में आग लगा दी। प्रेस नोट के अनुसार, प्रभावित इलाकों में स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन इसे काफी हद तक नियंत्रण में लाया गया है। त्वरित सुरक्षा उपायों के समन्वय के लिए लितान पुलिस स्टेशन में एक संयुक्त नियंत्रण कक्ष (Joint Control Room) स्थापित किया गया है और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर डेरा डालकर स्थिति पर कड़ी नजर रखे हुए हैं।

हथियार और गोला बारूद बरामद

पुलिस ने बताया कि पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में समग्र कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही। सुरक्षा बलों ने विभिन्न जिलों के संवेदनशील और सीमावर्ती इलाकों में तलाशी अभियान और क्षेत्रीय प्रभुत्व (एरिया डॉमिनेशन) जारी रखा, इस दौरान हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया। एक दिन पहले, सुरक्षा बलों ने इम्फाल पूर्व जिले के लामलाई पुलिस स्टेशन के अंतर्गत नोंगदम गांव के पास नगारू चेंगजेल पहाड़ी क्षेत्र से एक .303 राइफल (मैगजीन सहित), दो 12-बोर सिंगल बैरल बंदूकें, चार 9 मिमी पिस्तौल (मैगजीन सहित) और 36 हैंड ग्रेनेड बरामद किए।

बम विस्फोट मामले में 3 सक्रिय कैडरों को किया गिरफ़्तार

अवैध वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों को पकड़ने के लिए खुफिया जानकारी के आधार पर व्यापक तलाशी, घेराबंदी और सर्च ऑपरेशन चलाए जा रहे हैं। इम्फाल पश्चिम जिले के सिंगजामेई पुलिस स्टेशन क्षेत्र के लिलोंग चाजिंग इलाके में हुए बम विस्फोट मामले में मणिपुर पुलिस ने केसीपी (अपुनबा) संगठन के तीन सक्रिय कैडरों को इम्फाल पश्चिम और इम्फाल पूर्व जिलों के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लैश्राम बुलु सिंह (39), पुयामाचा डेविड (22) और निंगथौजम चालम्बा सिंह (29) के रूप में हुई है।

उनके पास से पुलिस ने एक चार पहिया वाहन, एक .45 पिस्तौल (मैगजीन सहित) और 17 राउंड गोला-बारूद, तीन मोबाइल फोन, नकदी और आधार कार्ड वाला एक बटुआ तथा अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया। उसी दिन, सुरक्षा बलों ने उखरूल जिले के लितान पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत लामलाई चिंगफेई कुकी गांव में ट्रक खराब होने के कारण फंसे दो ड्राइवरों को भी सुरक्षित बचाया। बचाए गए व्यक्तियों की पहचान चिहांसो केइशिंग (26) और कानम्बुआन गोलमेई (17) के रूप में हुई है, जिन्हें सुरक्षित रूप से याइंगंगपोकपी पुलिस स्टेशन लाया गया।

पुलिस ने जनता से सतर्क रहने की अपील की, अफ़वाहों और फर्ज़ी वीडियो से भी रहें दूर  

पुलिस ने आगे बताया कि मणिपुर के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में विभिन्न जिलों में कुल 115 नाके और चेकपोस्ट लगाए गए, हालांकि किसी को भी हिरासत में नहीं लिया गया।राष्ट्रीय राजमार्ग-37 पर आवश्यक वस्तुओं को ले जा रहे 306 वाहनों की आवाजाही को संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और काफिला सुरक्षा के साथ सुनिश्चित किया गया। जनता से सतर्क रहने की अपील करते हुए पुलिस ने सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों या फर्जी वीडियो पर विश्वास न करने और केंद्रीय नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जानकारी की पुष्टि करने की सलाह दी।

TAGS

Punjabi Shorts

Latest News