Trending:
ग़ाज़ियाबाद: देशभर के बच्चों को ऑनलाइन गेम्स ने किस क़दर अपनी ज़द में लिया हुआ है, ये किसी से छिपा नहीं है, लेकिन अब ऐसी हैरतअंगेज़ वारदात भी सामने आ रही हैं कि गेमिंग की लत के चलते बच्चे अपनी ही जान से खिलवाड़ करने पर उतारु हैं। ऐसा है एक वाक़िया सामने आया है ग़ाज़ियाबाद से। जी हां, दिल्ली से सटे ग़ाज़ियाबाद की 'भारत सिटी' सोसाइटी में एक ऐसी ख़ौफ़नाक़ घटना घटी, जिसने न केवल पुलिस प्रशासन, बल्कि देश के हर माता-पिता को झकझोर कर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक़ 16, 14 और 12 साल की तीन सगी बहनों—निशिका, प्राची और पाखी ने अपने ही अपार्टमेंट की 9वीं मंज़िल से कूदकर छलांग लगा दी। पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों के बयान इस ओर इशारा कर रहे हैं कि यह एक ऑनलाइन 'कोरियन लवर गेम' का नतीजा हो सकता है।
क्या बयान कर रही है पुलिस की तहक़ीक़ात?
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों बहनें एक-दूसरे के बेहद क़रीब थीं। वे हर काम साथ करती थीं, वे एक साथ नहाती थीं, एक साथ खाना खाती थीं, यहां तक कि सोते और स्कूल जाते समय भी एक-दूसरे का साथ नहीं छोड़ती थीं। हालांकि कोविड-19 महामारी के बाद से वे स्कूल जाने में अनियमित हो गई थीं और अपना ज़्यादातर समय मोबाइल फोन पर ऑनलाइन गेम खेलने में बिताने लगी थीं। वे इस गेम से इतनी प्रभावित थीं, या कहें कि ये उनकी सनक थी कि उन्होंने आपस में एक-दूसरे के कोरियाई नाम रख लिए थे और ख़ुद को 'कोरियाई राजकुमारियां' मानने लगी थीं।
क्या हुआ था उस काली रात?
जानकारी के मुताबिक़, मंगलवार रात क़रीब 2:00 बजे जब परिवार सो रहा था, तीनों बहनें चुपचाप उठीं और घर के पूजा वाले कमरे में चली गईं। उन्होंने कमरे का दरवाज़ा अंदर से बंद कर लिया। खिड़की तक पहुंचने के लिए उन्होंने वहां रखी एक प्लास्टिक की कुर्सी और दो स्टेप वाली छोटी सीढ़ी का इस्तेमाल किया। पुलिस को शक़ है कि उन्होंने गेम के किसी टास्क के तहत एक-एक करके खिड़की से नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरने की तेज़ आवाज़ सुनकर जब सोसाइटी के गार्ड और पड़ोसी दौड़े, तो उन्हें तीनों के लहूलुहान शव मिले। घर के अंदर सो रहे माता-पिता को तब पता चला, जब पुलिस ने उनके घर का दरवाज़ा खटखटाया।
#WATCH गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश: एक चश्मदीद, अरुण कुमार ने बताया, "मैंने उन तीनों को कूदते हुए देखा... यह घटना रात करीब 2 बजे हुई... मैंने जो देखा, उसके मुताबिक उनमें से एक ने कूदने का प्लान बनाया था, और बाकी दो उसे बचाने की कोशिश में गिर गए। मैंने पुलिस को फोन किया..." https://t.co/y5zrW2J8XO pic.twitter.com/WMmRjF1Mhu
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 4, 2026
"सॉरी पापा, कोरिया ही हमारी ज़िंदगी है"
पुलिस ने मौक़ा-ए-वारदात से एक डायरी और सुसाइड नोट बरामद किया है, जिस पर एक रोता हुआ इमोजी बना हुआ है। डायरी में लिखा है:
"ट्रू लाइफ स्टोरी, सॉरी पापा, हम कोरिया नहीं छोड़ सकते, कोरिया ही हमारी ज़िंदगी है और आप हमें इससे अलग नहीं कर सकते, इसीलिए हम अपनी जान दे रहे हैं।"
'कोरियन लवर गेम'के बारे में कितना जानते हैं आप?
दरअसल यह गेम 'ब्लू व्हेल चैलेंज' की तरह एक टास्क-आधारित गेम होता है। गेम में कथित तौर पर 50 टास्क होते हैं। गेम में खिलाड़ी एक वर्चुअल पार्टनर के साथ इंटरैक्ट करते हैं जो उन्हें निर्देश देता है।
क्या कह रहे हैं परिजन?
पिता चेतन कुमार की मानें तो उन्हें बताया गया कि लड़कियों ने सोमवार को ही आख़िरी टास्क पूरा किया था। बताया ये भी जा रहा है कि 14 वर्षीय मंझली बहन (प्राची) इस गेम की 'लीडर' थी और वही अपनी बहनों को कमांड दे रही थी।
इस घटना से सावधान हो जाए समाज
जीटीसी न्यूज़ आप तमाम माता-पिता या अभिभावकों से अपील करता है कि वे अपने बच्चों की इंटरनेट गतिविधियों और व्यवहार में आने वाले बदलावों पर कड़ी नज़र रखें। मोबाइल फोन की लत और अज्ञात ऐप्स जानलेवा साबित हो सकते हैं। ऐसे में अगर बच्चों पर निगरानी नहीं रखी गई, तो अंजाम कुछ भी हो सकता है। ग़ाज़ियाबाद की ये दिल दहला देने वाली घटना ऐसे ही एक अंजाम की बानगी है।
#WATCH लखनऊ: तीन नाबालिग बहनों की आत्महत्या पर उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, "ऑनलाइन गेमिंग के लिए सरकार बार-बार चेतावनी दे रही है, सलाह भी दे रही है, जागरूक करने का काम कर रही है। बच्चों को गेमिंग की लत छुड़ानी चाहिए। परिवार का दायित्व है कि बच्चों को इसकी लत… pic.twitter.com/L95ixuD2JB
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 4, 2026