Friday, 16th of October 2026

UP Board Exam 2026 से पहले 18 जिले संवेदनशील घोषित, 20,23,26 फरवरी की परीक्षा पर कड़े इंतज़ाम

Edited By: Preeti Kamal | Updated at:
UP Board Exam 2026 से पहले 18 जिले संवेदनशील घोषित, 20,23,26 फरवरी की परीक्षा पर कड़े इंतज़ाम

UP Board Exam 2026 से पहले 18 जिले संवेदनशील घोषित, 20,23,26 फरवरी की परीक्षा पर कड़े इंतज़ाम

उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं 18 फरवरी से 12 मार्च के बीच आयोजित होनी है। प्रदेश में निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा के आयोजन को लेकर सरकार ने कड़े फैसले भी किए हैं। यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह की तरफ से जारी की गई सूचना के अनुसार प्रदेश के 18 ज़िलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। उन्होंने ये भी बताया कि कई तिथियों और विषयों की परीक्षाएं उच्च तथा अति उच्च सतर्कता के स्तर पर आयोजित कराई जाएंगी। 

20 फरवरी को प्रथम पाली में 10वीं की सामाजिक विज्ञान और 12वीं की नागरिक शास्त्र विषय की परीक्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाएगी। इसके बाद 23 फरवरी को प्रथम पाली में 10वीं की अंग्रेजी, 25 फरवरी को प्रथम पाली में 10वीं के विज्ञान विषय के दिन भी विशेष सतर्कता बरती जाएगी। 26 फरवरी के प्रथम पाली में 10वीं के गणित और 12वीं के भूगोल और 27 फरवरी को दूसरी पाली में संबंधित विषयों की परीक्षा के दौरान अति उच्च सतर्कता और विशेष निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।

UP Board ने इन ज़िलों को किया संवेंदनशील घोषित

ख़बरों के मुताबिक, UP Board द्वारा घोषित सभी 18 ज़िलों के परीक्षा केंद्रों में अतिरिक्त उड़न दस्तों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा, सभी परीक्षा केंद्रों की निगरानी सीसीटीवी के माध्यम से की जाएगी। साथ ही स्थानीय प्रशासन को चौकस रहने के दिशा-निर्देश भी दिए गए हैं। कड़ी निगरानी में परीक्षा का आयोजन कराने का मक़सद नकल माफ़िया की नाक में नकेल कसना है, जिससे किसी भी तरह की अव्यवस्था ना फैलने पाए। दोषियों के ख़िलाफ़ कड़ी सज़ा का प्रावधान भी किया गया है। संवेदनशील घोषित ज़िलों में आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा शामिल हैं।