Monday, 5th of October 2026

Alert: पंजाब में होगी बारिश, 13 ज़िलों में तूफ़ान, ओलावृष्टि, बिजली गिरने की संभावना, चंडीगढ़ में बूंदाबांदी

Edited By: Preeti Kamal | Updated at:
Alert: पंजाब में होगी  बारिश, 13 ज़िलों में तूफ़ान, ओलावृष्टि, बिजली गिरने की संभावना, चंडीगढ़ में बूंदाबांदी

Alert: पंजाब में होगी बारिश, 13 ज़िलों में तूफ़ान, ओलावृष्टि, बिजली गिरने की संभावना, चंडीगढ़ में बूंदाबांदी

पंजाब: India Meteorological Department (IMD) के चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने आज (18 फरवरी) पंजाब के 13 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं, बिजली गिरने और ओले पड़ने की आशंका है।

चंडीगढ़ में भी आंशिक बादल छाए हुए हैं और बारिश का मौसम बन रहा है। जानकारी के अनुसार सेक्टर 48 में बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम में हल्की ठंड महसूस की गई। पंजाब में अधिकतम तापमान सामान्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया है। मानसा में सबसे अधिक 29.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। 19 से 23 फरवरी तक मौसम साफ रहने की उम्मीद है।

30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

मौसम विभाग के अनुसार, पठानकोट, गुरदासपुर, फिरोजपुर, फरीदकोट, मोगा, लुधियाना, बरनाला, संगरूर, पटियाला, फाजिल्का, मुक्तसर, बठिंडा और मानसा जिलों में अलग-अलग स्थानों पर गरज-चमक के साथ तूफान आने की संभावना है। हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इन जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

तापमान 2 से 3 डिग्री बढ़ने का अनुमान

मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार, आज अलग-अलग स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले 48 घंटों में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों में तापमान 2 से 3 डिग्री तक गिर सकता है। इसके बाद तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा।

वर्तमान में ऐसा बना है मौसम का सिस्टम

इस समय मध्य पाकिस्तान और आसपास के पंजाब क्षेत्र में समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती हवाओं के रूप में सक्रिय है। इसके कारण पंजाब और आसपास के इलाकों में समुद्र तल से लगभग 1.5 किलोमीटर तक ऊपरी हवा में चक्रवाती गतिविधियां बनी हुई हैं।

एक अन्य पश्चिमी विक्षोभ दक्षिण-पूर्वी पाकिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में सक्रिय है, जो समुद्र तल से लगभग 7.6 किलोमीटर तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ उत्तर-पश्चिम की ओर झुका हुआ है।