पंजाब पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 इमिग्रेशन सेंटर पर छापेमारी, नकली पासपोर्ट और डॉक्यूमेंट्स ज़ब्त

By  Preeti Kamal February 13th 2026 02:42 PM -- Updated: February 13th 2026 05:57 PM

पंजाब: खन्ना पुलिस ने एसपी की अगुवाई में शहर के करीब 10 इमिग्रेशन और स्टडी सेंटरों पर एक साथ छापेमारी की। पुलिस ने मौके से कंप्यूटर, एटीएम कार्ड, चेकबुक, नकली पासपोर्ट और कई संदिग्ध दस्तावेज़ बरामद किए। खन्ना के एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने बताया कि 10 विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं और खन्ना के प्रमुख शिक्षा केंद्र जीटीबी मार्केट में स्थित इमिग्रेशन सेंटरों पर एक साथ कार्रवाई की गई। एसएसपी ने कहा कि ‘ऑपरेशन प्रहार-2’ के दौरान पुलिस को पुख्ता इनपुट मिला था, जिसके आधार पर यह विशेष अभियान चलाया गया।

आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं। एसएसपी ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ इमिग्रेशन सेंटर संचालक गैंगस्टरों और आपराधिक तत्वों से मिलकर नकली पासपोर्ट बनवाकर युवाओं को गैरकानूनी तरीके से विदेश भेजने में मदद कर रहे हैं। इसी गंभीर सूचना के आधार पर यह व्यापक कार्रवाई की गई।

30 पासपोर्ट, 34 कंप्यूटर, लैपटॉप और टैबलेट, 15 एटीएम कार्ड और 175 चेकबुक ज़ब्त

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की। पुलिस ने मौके से 30 पासपोर्ट, 34 कंप्यूटर, लैपटॉप और टैबलेट, 15 एटीएम कार्ड और 175 चेकबुक ज़ब्त कीं, जिनमें से कई चेकबुक पहले से हस्ताक्षरित थीं। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण दस्तावेज़ और डिजिटल डेटा भी कब्जे में लिया गया है, जिसकी गहन जांच की जा रही है।

यह बरामदगी अवैध लेन-देन और एक बड़े फर्जीवाड़ा नेटवर्क की ओर संकेत करती है। इस कार्रवाई के दौरान कई पीड़ित भी सामने आए, जो इन फर्जी इमिग्रेशन सेंटरों के जाल में फंसकर अपनी जीवन भर की कमाई गंवा चुके हैं। पुलिस उनके बयान दर्ज कर रही है और उन्हें पूरा कानूनी सहयोग देने का आश्वासन दिया गया है।

मौके पर DSP खन्ना विनोद कुमार DSP (D) अमृतलाल सिंह भी रहे मौजूद

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि कुछ इमिग्रेशन संचालकों के खिलाफ पहले से ही खन्ना, नवांशहर और नई दिल्ली में मामले दर्ज हैं। इस मौके पर डीएसपी खन्ना विनोद कुमार और डीएसपी (डी) अमृतलाल सिंह भी मौजूद थे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.