जम्मू-कश्मीर: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह तीन दिवसीय दौरे पर, सुरक्षा और विकास की समीक्षा करेंगे

By  Preeti Kamal February 5th 2026 03:02 PM -- Updated: February 5th 2026 03:03 PM

जम्मू-कश्मीर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार से जम्मू और कश्मीर के तीन दिवसीय दौरे पर जाने वाले हैं। अपने दौरे के दौरान वह सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठकों की अध्यक्षता करेंगे। इसके अलावा वह सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की बोबिया और गुरनाम सीमा चौकियों का भी दौरा करेंगे। साथ ही, गृह मंत्री शहीद जवानों के परिवारों से मुलाकात करेंगे और नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे। गृह मंत्री के दौरे को लेकर जम्मू और कश्मीर के नेता प्रतिपक्ष सुनील शर्मा ने कहा कि कल होने वाली सुरक्षा समीक्षा बैठक से “विकास की गति तेज होगी।” उन्होंने कहा, “आज शाम गृह मंत्री अमित शाह यहां पहुंचेंगे और कल एक सुरक्षा समीक्षा बैठक निर्धारित की गई है। इसमें केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही विकास संबंधी योजनाओं की समीक्षा की जाएगी। इससे विकास की रफ्तार तेज होगी और सुरक्षा बलों का मनोबल बढ़ेगा,” राज्य के नेता प्रतिपक्ष ने जानकारी दी।

कठुआ के हीरानगर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का करेंगे दौरा

अधिकारियों के मुताबिक, जम्मू और कश्मीर दौरे के दूसरे दिन शुक्रवार (6 फरवरी, 2026) को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सुरक्षा उपायों का जायजा लेने के लिए कठुआ जिले के हीरानगर में अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा करेंगे। इसके बाद वह केंद्र शासित प्रदेश में समग्र सुरक्षा परिदृश्य की समीक्षा करने के लिए जम्मू में एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करेंगे।

इससे पहले दिन में भाजपा विधायक शगुन परिहार ने राज्य के लिए गृह मंत्री के प्रयासों और जनता की अपेक्षाओं को ध्यान में रखने के लिए उनकी सराहना की। उन्होंने कहा, “यह बहुत अच्छी खबर है। जब भी वह आए हैं, उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का काम किया है। उन्होंने हमेशा जम्मू-कश्मीर को अपने दिल के करीब रखा है।” वहीं, जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने कहा कि गृह मंत्री का यह दौरा “उम्मीद की एक किरण” लेकर आया है। उन्होंने एक बार फिर राज्य का दर्जा बहाल करने की जनता की मांग को दोहराया।

साथ ही उन्होंने राज्य से बाहर कश्मीरियों पर हो रहे हमलों का संज्ञान लेने की भी मांग की। उन्होंने कहा, “जब भी गृह मंत्री का दौरा होता है, तो उम्मीद की एक किरण जगती है कि वह कोई अच्छा पैकेज घोषित करेंगे। सबसे अहम बात यह है कि लोग राज्य का दर्जा बहाल किए जाने की मांग कर रहे हैं, जिसका वादा उन्होंने संसद में किया था। अब उस वादे को पूरा करने का समय आ गया है। कश्मीरियों पर राज्य के बाहर हो रहे हमलों के संबंध में भी अब गंभीरता से संज्ञान लेने और इसे समाप्त करने का समय आ गया है।”

केंद्रीय गृह मंत्री के साथ समीक्षा बैठक में ये अधिकारी होंगे शामिल

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जम्मू और कश्मीर की सुरक्षा स्थिति को लेकर होने वाली समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, केंद्रीय गृह मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी, भारतीय सुरक्षा बलों के प्रमुख, खुफिया एजेंसियों और केंद्र शासित के शीर्ष नागरिक और पुलिस विभाग की वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.