Friday, 9th of October 2026

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिज़ाज, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

Edited By: Mohd Juber Khan | Updated at:
उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिज़ाज, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

उत्तर प्रदेश में बदला मौसम का मिज़ाज, गुलाबी ठंड ने दी दस्तक

लखनऊ : जैसे-जैसे दिवाली नज़दीक आ रही है, वैसे-वैसे उत्तर प्रदेश में मौसम का मिज़ाज बदल रहा है। प्रदेश में हल्की हवाओं के साथ लोगों को गुलाबी सर्दी महसूस होने लगी हैं। जहां दिन में हल्की धूप होती हैं, वहीं शाम के बाद ठिठुरन महसूस हो रही है। यानी ये कहना ग़लत नहीं होगा कि जल्दी ही कंबल और रज़ाई निकालने का वक्त आ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक़ दिवाली के बाद ठंड और बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के जानकारों की मानें तो प्रदेश में इन दिनों मौसम शुष्क बना हुआ हैं, लेकिन ठंडी हवाओं के वजह से अब सिहरन महसूस होने लगी हैं। आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम रहने का अनुमान हैं। सुबह के समय हल्की धुंध दिखाई दे सकती हैं लेकिन दिन बढ़ने के साथ मौसम साफ़ रहेगा और खिली धूप निकलेगी।

बीते 48 घंटे से वाराणसी सहित पूर्वांचल के मौसम में परिवर्तन देखने को मिला है। सुबह और रात के समय में लोगों को अब ठंड का एहसास हो रहा है। जहां एक तरफ़ महीनों से लोगों को गर्मी ने बेहाल कर दिया था, वहीं वर्तमान समय में धूप और गर्मी का प्रभाव दोपहर तक ही सीमित देखा जा रहा है। ख़ासतौर पर ग्रामीण क्षेत्रों में  सूर्योदय के पहले लोगों को अब हल्के गर्म कपड़ों की ज़रूरत महसूस हो रही है।

यूपी में कैसा है मौसम का मिज़ाज?

मौसम विशेषज्ञों की मानें को 15 और 16 अक्टूबर को भी मौसम में कोई ख़ास बदलाव नहीं आएगा। इस दौरान भी शुष्क मौसम के साथ आसमान एकदम साफ़ रहेगा। 19 अक्टूबर तक यूपी के तमाम ज़िलों में मौसम साफ़ रहने का ही अनुमान जताया गया है। इस दौरान कहीं कोई बारिश या बादलों की चेतावनी नहीं दी गई हैं। 

दिवाली के बाद बढ़ेगी ठंड बढ़ने के आसार

अक्टूबर का महीना आने के बाद प्रदेश के तापमान में भी कमी आई हैं, जिसके चलते लोगों को ठंड महसूस हो रही हैं। अगले पांच दिनों में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, हां, मगर, प्रदेश में दिवाली के बाद ठंड तेज़ी से बढ़ सकती है।  

आपको बता दें कि यूपी में इन दिनों अधिकतम तापमान 28 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। पिछले 24 घंटों में उरई, वाराणसी, कानपुर, प्रयागराज और कानपुर सबसे गर्म ज़िले रहे। वैसे प्रदेश में रात के समय तापमान में अच्छी खासी गिरावट आई हैं, बीते 24 घंटों की बात करें, तो बाराबंकी, कानपुर नगर, अयोध्या, शाहजहांपुर और हरदोई में सबसे ठंडे रहे, यहां सबसे कम न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया, इन ज़िलों में रात में न्यूनतम तापमान 16-17 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।