Friday, 31st of October 2025

दिवाली से पहले सीएम योगी ने सरकारी कर्मियों को दिखाई 'शुभ घड़ी' पर हरी झंडी

Reported by: GTC News Desk  |  Edited by: Mohd Juber Khan  |  October 14th 2025 05:15 PM  |  Updated: October 16th 2025 01:54 PM
दिवाली से पहले सीएम योगी ने सरकारी कर्मियों को दिखाई 'शुभ घड़ी' पर हरी झंडी

दिवाली से पहले सीएम योगी ने सरकारी कर्मियों को दिखाई 'शुभ घड़ी' पर हरी झंडी

लखनऊ : तो आख़िरकार वो शुभ घड़ी आ ही गई, जिसका इंतज़ार उत्तर प्रदेश के सरकारी कर्मचारी कर रहे थे। असल में, उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 14 लाख से ज़्यादा सरकारी कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने की घोषणा कर दी है। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 14 अक्टूबर (मंगलवार) को दीपावली के अवसर पर राज्य सरकार के कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने का ऐलान कर दिया है। सीएम योगी ने कहा कि यह फैसला कर्मचारियों की मेहनत और उनकी निष्ठा के प्रति राज्य सरकार की सराहना का प्रतीक है। जानकारी के मुताबिक़, बोनस की अधिकतम रकम 7,000 रुपये तक है।

सीएम ने सरकारी कर्मियों को दिवाली गिफ्ट देते हुए कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका बेहद अहम होती है। ऐसे में सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। गौरतलब है कि दिवाली से पहले-पहले सरकारी कर्मचारियों के अकाउंट में बोनस की राशि भेज दी जाएगी।

आपको बता दें कि सीएम योगी के दिशा-निर्देश पर वित्त विभाग की तरफ़ से जारी आदेश के मुताबिक़, राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए बोनस की मंज़ूरी दी गई है। यह बोनस मासिक परिलब्धियों की अधिकतम सीमा 7,000 रूपये के आधार पर 30 दिनों की उपलब्धियों का आकलन करते हुए दिया जाएगा। इससे हर पात्र कर्मचारी को 6,908 रूपये का फायदा पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भरोसा जताते हुए कहा कि दीपावली से पहले यह आर्थिक लाभ कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा और शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। योगी सरकार के इस निर्णय से राज्य सरकार के लगभग 14 लाख 82 हजार कर्मचारी सीधे तौर पर इससे लाभान्वित होंगे। हालांकि राज्य सरकार पर कुल भार लगभग 1,022 करोड़ रूपये आएगा। 

इस बाबत UP CMO के आधिकारिक X अकाउंट से एक पोस्ट में लिखा गया है, " यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन पर्व पर राज्य कर्मचारियों को बड़ा उपहार देते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने की घोषणा की है। इस निर्णय से यूपी सरकार के लगभग 14.82 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे, जिसपर कुल भार लगभग ₹1,022 करोड़ आएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी परिवार इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना सकें, मुख्यमंत्री जी ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली के पहले यह आर्थिक लाभ राज्य कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। समस्त राज्य कर्मचारियों को बधाई एवं दीपावली की अग्रिम शुभकामनाएं।"