Friday, 10th of July 2026

मोगा में प्रवासियों पर गोली चलाने वालों का एनकाउंटर, जवाबी फायरिंग में 1 शूटर घायल, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

Edited By: Preeti Kamal | Updated at: February 15th 2026 03:56 PM
Trending News
मोगा में प्रवासियों पर गोली चलाने वालों का एनकाउंटर, जवाबी फायरिंग में 1 शूटर घायल, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

मोगा में प्रवासियों पर गोली चलाने वालों का एनकाउंटर, जवाबी फायरिंग में 1 शूटर घायल, दूसरा आरोपी गिरफ्तार

मोगा, पंजाब: मोगा पुलिस ने 10 फरवरी को दो प्रवासी मजदूरों पर गोली चलाने वाले दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के दौरान एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरे आरोपी से पूछताछ की जा रही है। यह संयुक्त ऑपरेशन मोगा पुलिस और सीआईए स्टाफ द्वारा किया गया।

10 फरवरी को मोगा जिले में दो प्रवासी मजदूरों को गोली मारी गई थी। दोनों मजदूर बिहार से आए थे और मोगा की एक फैक्ट्री में काम करते थे। गोली लगने से वे घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना के बाद लगातार आरोपियों की तलाश की जा रही थी। इसी दौरान गुप्त सूचना मिली कि आरोपी घल्ल कलां इलाके में मौजूद हैं। जब पुलिस टीम उन्हें पकड़ने पहुंची तो आरोपियों ने रुकने के बजाय पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी, जिसकी पहचान जोबनप्रीत के रूप में हुई, उसके पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। दूसरा आरोपी आकाशदीप भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और हथियार भी बरामद कर लिए हैं।

विदेश से मिले इशारे पर माहौल खराब करने की साजिश

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने प्रवासियों पर गोली चलाई थी और वे विदेश में बैठे अपराधियों के इशारे पर पंजाब का माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे थे। दोनों को गिरफ्तार कर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की संभावित संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

Punjabi Shorts

Latest News