NEET छात्रा मामला: पप्पू यादव गिरफ्तार, राहुल गांधी का आरोप- “ये राजनीतिक बदले की कार्रवाई”

By:  Preeti Kamal February 7th 2026 01:55 PM -- Updated: February 7th 2026 02:09 PM

पटना : NEET छात्रा मामला: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि पटना के एक हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की मौत के मामले में न्याय की मांग उठाने पर पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को गिरफ्तार किया गया।

एक्स पर पोस्ट करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी “राजनीतिक बदले की कार्रवाई” है, जिसका उद्देश्य इस मामले में आवाज़ उठाने वालों को डराना और चुप कराना है। उन्होंने लिखा, “इस बेटी को न्याय दिलाने के लिए मजबूती से आवाज़ उठाने वाले साथी सांसद पप्पू यादव जी थे। आज उनकी गिरफ्तारी स्पष्ट रूप से राजनीतिक बदले की कार्रवाई है, जिसका मकसद जवाबदेही की मांग करने वाली हर आवाज़ को डराना और दबाना है।”

पप्पू यादव को शुक्रवार को 1995 के एक कथित भूमि विवाद मामले में पेश न होने पर गिरफ्तार किया गया। पूर्णिया सांसद ने अपनी सुरक्षा को लेकर आशंका भी जताई थी । उन्होंने कहा, “मुझे शक है कि ये लोग मुझे मार सकते हैं। मैं सीधे अदालत जाऊंगा। मैं थाने नहीं जाऊंगा। अगर वे चाहें तो मुझे नजरबंद कर सकते हैं।”

राहुल गांधी ने भाजपा-एनडीए गठबंधन पर आरोप लगाया कि वह मामले को “पटरी से उतारने” और “अपराधियों को बचाने” के लिए पीड़ित परिवार को परेशान कर रहा है । उन्होंने कहा, “पटना में रहस्यमय परिस्थितियों में NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा की संदिग्ध मौत और उसके बाद हुई घटनाओं की पूरी श्रृंखला ने एक बार फिर सिस्टम की गहरी सड़ांध को उजागर कर दिया है। जब पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो वही पुरानी भाजपा-एनडीए की रणनीति सामने आई—मामले को भटकाना, परिवार को परेशान करना और राज्य की ताकत से अपराधियों को बचाना।”

राहुल गांधी ने महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर चिंता जताते हुए सरकार पर “इस भयावह हकीकत से आंखें मूंदे बैठे रहने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सबसे चिंताजनक तथ्य यह है कि यह घटना किसी एक मामले तक सीमित नहीं लगती। यह एक डरावनी साजिश और खतरनाक पैटर्न की ओर इशारा करती है, जहां और भी बेटियां शिकार बन रही हैं और सत्ता में बैठे लोग इस भयावह सच्चाई से आंखें मूंदे हुए हैं। यह राजनीति नहीं है; यह न्याय का सवाल है। यह बिहार की बेटियों के सम्मान और सुरक्षा का सवाल है।” कांग्रेस नेता और वायनाड से सांसद प्रियंका गांधी ने भी इस मामले पर “गहरा सदमा” जताया और कहा कि FIR से लेकर जांच और कार्रवाई तक सब कुछ “संदिग्ध” बना दिया गया है।

प्रियंका गांधी ने एक्स पर लिखा, “पटना के एक हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ बलात्कार और हत्या का मामला बेहद चौंकाने वाला है। इस मामले के सामने आने के बाद सरकार का रवैया और भी डरावना है। एफआईआर दर्ज करने से लेकर जांच और कार्रवाई तक—सब कुछ संदिग्ध बना दिया गया है। आखिर यह सब किसे बचाने के लिए किया जा रहा है?”

पप्पू यादव की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए उन्होंने कहा, “हाथरस और उन्नाव से लेकर अंकिता भंडारी और पटना तक—जहां भी महिलाओं पर अत्याचार होते हैं, भाजपा सरकारें पीड़ित को न्याय दिलाने के बजाय आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं। इस मामले में आवाज़ उठाने वाले सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी इसी असंवेदनशीलता की कड़ी है।” उन्होंने आगे कहा, “भाजपा और उसके सहयोगियों का एजेंडा साफ है—वे अन्याय और उत्पीड़न के साथ खड़े हैं।”

इस बीच, बिहार सरकार ने पीड़ित परिवार द्वारा जांच पर संदेह जताए जाने और प्रशासन की मिलीभगत का आरोप लगाए जाने के बाद NEET छात्रा की मौत की सीबीआई जांच की सिफारिश की है। पुलिस के अनुसार, NEET की तैयारी कर रही छात्रा की पटना में इलाज के दौरान मौत हो गई। हालांकि यौन उत्पीड़न की खबरें सामने आई थीं, लेकिन पुलिस का कहना है कि डॉक्टरों ने यौन या पैठकारी (पैनेट्रेटिव) हमले की पुष्टि नहीं की है। घटना के संबंध में पटना पुलिस ने रविवार को दो पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया।

Related Post

ਪੈਟਰੋਲ-ਡੀਜ਼ਲ ਦੀ ਮਹਿੰਗਾਈ 'ਤੇ ਕਾਂਗਰਸ ਦਾ ਵੱਡਾ ਹਮਲਾ- 'ਬੀਜੇਪੀ ਸਰਕਾਰ ਫ਼ੇਲ੍ਹ, ਦੇਸ਼ ਨੂੰ ਗਲਤ ਦਿਸ਼ਾ 'ਚ ਲਿਜਾਇਆ ਜਾ ਰਿਹਾ'
"ਝੂਠ, ਫ਼ਰੇਬ ਅਤੇ ਧੋਖੇ ਦੀ ਰਾਜਨੀਤੀ ਤੋਂ ਤੰਗ ਆ ਕੇ ‘ਆਪ’ ਆਗੂ ਭਾਜਪਾ ‘ਚ ਹੋਏ ਸ਼ਾਮਲ" - ਤਰੁਣ ਚੁੱਘ
ਜੀਟੀਸੀ ਨਿਊਜ਼ ‘ਤੇ CM ਨਾਇਬ ਸਿੰਘ ਸੈਣੀ ਨਾਲ Exclusive ਗੱਲਬਾਤ ਅੱਜ ਰਾਤ 9 ਵਜੇ, ਬੋਲੇ- "ਪੀਐਮ ਮੋਦੀ ਹੀ ਪੰਜਾਬ ਨੂੰ ਬਣਾ ਸਕਦੇ ਨੰਬਰ 1 ਸੂਬਾ"
ਰਾਘਵ ਚੱਢਾ ਦੀ ਸੁਰੱਖਿਆ ਨੂੰ ਲੈ ਕੇ ਸਿਆਸਤ ਗਰਮਾਈ: ਪੰਜਾਬ ਸਰਕਾਰ ਨੇ ਵਾਪਸ ਲਈ ਸੁਰੱਖਿਆ, ਕੇਂਦਰ ਵੱਲੋਂ Z+ ਦੇਣ ਦੀ ਚਰਚਾ
ਸੰਸਦ ਮੈਂਬਰਾਂ ਦਾ ਆ ਗਿਆ ਲੇਖਾ-ਜੋਖਾ; ਜਾਣੋ ਪੰਜਾਬ ਦੇ ਕਿੰਨੇ MPs ਰਹੇ ਹਾਜ਼ਰ ਤੇ ਕਈਆਂ ਦੀ ਹਾਜ਼ਰੀ ਨਾ-ਮਾਤਰ
ਸਿਆਸੀ ਧਮਾਕਾ: ਨਵਜੋਤ ਕੌਰ ਸਿੱਧੂ ਦਾ ਵੱਡਾ ਐਲਾਨ, ਕਾਂਗਰਸ ਤੇ ਭਾਜਪਾ ਨੂੰ ਛੱਡ ਹੁਣ ਬਣਾਈ ਆਪਣੀ ਵੱਖਰੀ ਪਾਰਟੀ, ਜਾਣੋ ਕੀ ਰੱਖਿਆ ਨਾਂਅ!

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.