UP पुलिस ने हत्या की साज़िश को किया नाकाम, अपहृत युवक को 5 घंटे में किया बरामद
उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में पुलिस ने प्रेम-प्रसंग के एक मामले में अपहृत किए गए एक युवक को मात्र पांच घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, युवक का अपहरण लड़की के पिता और भाई ने किया था, जो उसकी हत्या की योजना बना रहे थे। पुलिस ने बताया कि पीड़ित संजय कुमार एक युवती के साथ घर से भाग गया था, जिसके बाद युवती के पिता और भाई ने मिलकर उसका अपहरण करने और उसकी हत्या करने की साजिश रची। जानकारी मिलते ही अलीगढ़ पुलिस ने तुरंत नाकाबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
अलीगढ़ ग्रामीण क्षेत्र के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अमित जैन ने बताया, “सुबह करीब 10 बजे सूचना मिली कि सचिन कुमार नामक व्यक्ति के साथ दो लोगों, हेमू और विनोद ने मारपीट की और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर गोंडा थाना क्षेत्र की ओर ले गए। सूचना मिलते ही अलीगढ़ पुलिस ने सभी क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी। जिला स्क्वाड और ग्रामीण स्क्वाड टीमों ने भी चेकपॉइंट लगाए और निगरानी के जरिए कई स्थानों पर छापेमारी की।”
अपहरण में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल ज़ब्त, मामले की जांच जारी
पुलिस ने अपहृत युवक को पांच घंटे के भीतर बरामद कर लिया और लड़की के पिता व भाई को गिरफ्तार कर लिया। एसपी अमित जैन ने बताया कि पुलिस ने हत्या की नीयत से किए गए इस अपहरण के मामले को तेजी से सुलझाया और सचिन कुमार को महज पांच घंटे में सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि सचिन कुमार कुछ दिन पहले आरोपी परिवार की लड़की के साथ फरार हो गया था और इस संबंध में मामला दर्ज था। इसी को लेकर लड़की के पिता और भाई ने हत्या की नीयत से अपहरण की योजना बनाई और उसे अंजाम दिया। पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल की गई बुलेट मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।