राम नगरी अयोध्या में दुनिया का पहला 'रामायण वैक्स म्यूज़ियम' तैयार

By:  Mohd Juber Khan October 16th 2025 01:15 PM -- Updated: October 16th 2025 04:44 PM

अयोध्या : राम जन्मभूमि के प्रांगण में भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद अब अयोध्या धाम एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने जा रहा है। दरअसल यहां त्रेता युग की पुनर्रचना करते हुए दुनिया का पहला रामायण वैक्स म्यूज़ियम बनकर तैयार हो चुका है। चौदह कोसी परिक्रमा मार्ग पर मौजूद कांशीराम कॉलोनी के सामने बना यह म्यूज़ियम ना केवल भक्तों के लिए आस्था का नया केंद्र बनेगा, बल्कि पर्यटकों के लिए भी वैश्विक स्तर का आकर्षण साबित होगा। 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नौवें दीपोत्सव समारोह में इसका लोकार्पण होने की प्रबल संभावना है। दीपोत्सव की भव्यता के बीच सीएम योगी जनता को यह अनमोल उपहार समर्पित करेंगे। 9850 वर्ग फीट क्षेत्र में फैले इस पूर्णतः एयर कंडीशंड म्यूज़ियम को बनाने में 6 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। यहां श्री राम समेत 50 प्रमुख पात्रों की जीवंत वैक्स प्रतिमाएं प्रदर्शित होंगी, जो रामायण की पूरी कथा को जीवंत कर देंगी। म्यूज़ियम में एक साथ 100 लोगों को प्रवेश की इजाज़त होगी। जैसे ही दर्शक अंदर क़दम रखेंगे, त्रेता युग की महक और राम धुन की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण खिल उठेगा। हर कोने में लगी स्पीकर से निरंतर 'राम तारक मंत्र' और भक्ति भजनों की धुन बजेगी, जो मन को शांति और भक्ति से भर देगी।

साउथ इंडियन वास्तु शैली पर हुआ है निर्माण

म्यूज़ियम का निर्माण साउथ इंडियन वास्तु शैली में किया गया है, जो दक्षिण भारत की पारंपरिक स्थापत्य कला का सुंदर संगम दर्शाता है। दो मंज़िला इस भवन में ग्राउंड फ्लोर पर रामलला के बाल रूप से लेकर सीता स्वयंवर तक की घटनाएं चित्रित हैं, जबकि फर्स्ट फ्लोर पर वनवास, लंका दहन और राम-रावण युद्ध की भव्य झलक मिलेगी। हर वैक्स मॉडल की अलग-अलग लाइटिंग की गई है, जो पात्रों को जीवंत बना देती है। दर्शक भगवान राम की मूर्ति के कपड़े, बाल और मुस्कान को छूकर हक़ीक़त महसूस करेंगे। प्रवेश द्वार पर सबसे पहले भगवान गणेश की भव्य प्रतिमा के दर्शन होंगे, जो विघ्नहर्ता के रूप में यात्रा की शुरुआत का संकेत देगी। इसके बाद रामलला के बाल रूप की वैक्स मूर्ति के साथ सेल्फी लेने की ख़ास इंतज़ाम किए गए हैं। बच्चे-बूढ़े, सभी यहां आकर बालक राम के साथ फोटो खिंचवाकर यादगार पल संजो सकेंगे। 

आमदनी का 12 फीसदी नगर निगम को जाएगा

म्यूज़ियम में सुरक्षा के मुक़म्मल तौर पर इंतज़ाम हैं। चार इमरजेंसी गेट्स से जुड़ा फायर सिस्टम लगा है, जो किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगा। यह प्रोजेक्ट नगर निगम के सहयोग से चलेगा। नगर आयुक्त जयेंद्र कुमार ने बताया कि म्यूजियम की आय का 12 प्रतिशत सीधे नगर निगम को जाएगा, जो अयोध्या के विकास में योगदान देगा।

संग्रहाल्य में और क्या-क्या इंतज़ाम हैं?

इस वैश्विक स्तर के संग्रहाल्य का निर्माण केरल की प्रसिद्ध सुनील वैक्स म्यूज़ियम कंपनी ने किया है। कंपनी के प्रमुख सुनील ने बताया, "हमने पहले महाराष्ट्र के लोनावाला में और केरल के तिरुवनंतपुरम में सेलिब्रिटी वैक्स म्यूजियम बनाए हैं, लेकिन अयोध्या का यह रामायण म्यूजियम अनोखा है, यहां हमने रामायण के 50 पात्रों को इतनी बारीक़ी से गढ़ा है कि दर्शक खुद को त्रेता युग में महसूस करेंगे, म्यूज़ियम के बाहर पार्किंग की व्यवस्था के अलावा स्टूडियो कॉफी हाउस, स्नैक्स जोन और इंटरटेनमेंट एरिया भी तैयार हो रहा है, आंगतुर ना केवल वैक्स म्यूज़ियम का लुत्फ़ उठाएंगे, बल्कि स्नैक्स में साउथ इंडियन और उत्तर भारतीय व्यंजनों का मिश्रण होगा, जो अयोध्या की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाएगा।

अयोध्या के विकास में मील का पत्थर

ऐसा माना जा रहा है कि अयोध्या के विकास में यह म्यूज़ियम मील का पत्थर साबित होगा। राम मंदिर के बाद पर्यटन में आई बूम को देखते हुए यह केंद्र सालाना करोड़ श्रद्धालुओं को आकर्षित करेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या को 'विश्व स्तरीय पर्यटन नगरी' बनाने का संकल्प लिया है। दीपोत्सव के दीयों से जगमगाती अयोध्या में यह म्यूजियम आस्था का केंद्र बनेगा।

कुल पचास पात्रों की बनी हैं मूर्तियां

फर्स्ट फ्लोर पर वनवास के दौरान सुंदरवन, सीता हरण और रावण वध की 3डी लाइटिंग प्रभाव से सजी मूर्तियां हैं। हनुमान जी की लंका दहन वाली मूर्ति में आग के प्रभाव जैसी लाइटिंग है, जो रोमांच पैदा करेगी। कुल 50 पात्रों में राम, सीता, लक्ष्मण, भरत, हनुमान, रावण, विभीषण समेत सभी प्रमुख चरित्र शामिल हैं। सुरक्षा और सुविधाओं के मामले में म्यूज़ियम अत्याधुनिक है। एयर कंडीशंड हॉल में तापमान 22 डिग्री पर नियंत्रित रहेगा। सीसीटीवी और सिक्योरिटी गार्ड 24x7 निगरानी करेंगे। इसमें प्रवेश करने के लिए ₹100 का शुल्क निर्धारित किया जाएगा।

Related Post

ਵੱਡਾ ਸੜਕ ਹਾਦਸਾ: ITBP ਦੇ DIG ਦੀ ਦਰਦਨਾਕ ਮੌਤ, ਗੱਡੀ ਚਲਾ ਰਹੇ ਡਰਾਈਵਰ ਨੇ ਵੀ ਤੋੜਿਆ ਦਮ, ਜਾਣੋ ਕਿਵੇਂ ਵਾਪਰਿਆ ਹਾਦਸਾ….
ਬਸਪਾ ਪਾਰਟੀ ਨੂੰ ਵੱਡਾ ਝਟਕਾ! ਲਗਾਤਾਰ ਤਿੰਨ ਵਾਰ ਵਿਧਾਇਕ ਰਹੇ ਸੀਨੀਅਰ ਨੇਤਾ ਦਾ ਦੇਹਾਂਤ, ਸਿਆਸੀ ਜਗਤ 'ਚ ਛਾਇਆ ਮਾਤਮ...
ਸਕੂਲੀ ਵਿਦਿਆਰਥੀਆਂ ਲਈ ਵੱਡੀ ਖ਼ਬਰ; 12 ਅਗਸਤ ਤੱਕ ਪ੍ਰਾਈਵੇਟ ਅਤੇ ਸਰਕਾਰੀ ਸਕੂਲ ਰਹਿਣਗੇ ਬੰਦ, ਅਚਾਨਕ ਛੁੱਟੀਆਂ ਦਾ ਐਲਾਨ; ਜਾਣੋ ਵਜ੍ਹਾ
ਪੁਲਿਸ ‘ਚ ਵੱਡਾ ਫੇਰਬਦਲ: SSP ਜੈਪ੍ਰਕਾਸ਼ ਸਿੰਘ ਵੱਲੋਂ 9 SI ਦੇ ਤਬਾਦਲੇ, ਕਈ ਥਾਣਿਆਂ ਅਤੇ ਚੌਕੀਆਂ ਦੇ ਇੰਚਾਰਜ ਬਦਲੇ, ਤੁਰੰਤ ਚਾਰਜ ਸੰਭਾਲਣ ਦੇ ਹੁਕਮ
ਵੱਡਾ ਪ੍ਰਸ਼ਾਸਨਿਕ ਫੇਰਬਦਲ: 15 IPS ਅਧਿਕਾਰੀਆਂ ਦੇ ਤਬਾਦਲੇ, ਕਈ ਸ਼ਹਿਰਾਂ ਨੂੰ ਮਿਲੇ ਨਵੇਂ ਪੁਲਿਸ ਮੁਖੀ
ਸਿਆਸਤ ਤੋਂ ਦੁਖਦਾਇਕ ਖਬਰ! ਪੰਜ ਵਾਰ ਦੇ ਵਿਧਾਇਕ ਤੇ ਸੀਨੀਅਰ ਆਗੂ ਦਾ ਦੇਹਾਂਤ, ਸਿਹਤ ਵਿਗੜਨ ਤੋਂ ਬਾਅਦ….

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.