बेंगलुरु में जाकर गरजे अखिलेश, कहा - भाजपा करती है वोट चोरी से भी ऊपर वाला काम

By  Mohd Juber Khan November 17th 2025 02:48 PM

बेंगलुरु/दिल्ली/लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और देश की सबसे बड़ी पंचायत के मौजूदा सदस्य अखिलेश यादव ने एक बार फ़िर भारतीय जनता पार्टी के ख़िलाफ़ बड़ा ज़ुबानी हमला बोला है। अखिलेश ने क़रारा प्रहार लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज या दिल्ली में बैठकर नहीं, बल्कि कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में किया है।

दरअसल अखिलेश यादव ने बेंगलुरु में विज़न इंडिया: प्लान, डेवलप एंड एसेंट कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान सपा चीफ़ ने वोट चोरी को लेकर अपनी बात रखी और यूपी में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी बड़ा बयान दे दिया।

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर कई तंज़ कसते हुए कहा, "हमने अपनी मेहनत से और कम संसाधनों से उत्तर प्रदेश में भाजपा का मुक़ाबला किया था, जिन-जिन को हमने यूपी में हराया है, मैं उनका यहां नाम नहीं लूंगा, उनको बुरा लगेगा, मगर हमने जीत दर्ज की, भाजपा ने जिस तरह से संविधान को चोट पहुंचाई थी, उसकी वजह से जनता ने हमको वोट दिया था, भाजपा वोट चोरी से ऊपर काम करती है, ये वोट चोरी से ऊपर का मामला है, ये सिर्फ़ वोट चोरी नहीं है, मैंने कांग्रेस को भी समझाया, ये पूरा चुनाव चोरी हो गया, इसको डकैती बोला जाएगा, यूपी में जो लोकसभा जीतता है, वो ही विधानसभा पहुंचता है, हर चुनाव अलग-अलग होता है. कर्नाटक चुनाव देखिए, विधानसभा और लोकसभा में अलग-अलग रिज़ल्ट आया था, विधानसभा चुनाव का परिणाम अलग होता है और लोकसभा के नतीजे अलग होते हैं, मैं यूपी के बारे में कह सकता हूं कि जो लोकसभा जीतता है, वही विधानसभा जीतता है. ये यूपी के कई सालों का रिकॉर्ड है।"

इस दौरान अखिलेश यादव ने ज़ोर देते हुए कहा कि क्षेत्रिय पार्टी के तौर पर सपा ने अभी तक का सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है। अखिलेश ने विश्वास जताते हुए कहा कि हमने वहां अच्छा प्रदर्शन किया है, जहां सरकार डबल इंजन की बात करती थी।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.