भारत-पाक मैच: महामुक़ाबला या महा-रुकावट? कोलंबो में बारिश का साया और ₹2200 करोड़ पर लगा है दांव

By:  Mohd Juber Khan February 14th 2026 06:22 PM

GTC Sports: भारत-पाकिस्तान मैच को लेकर क्रिकेट के शौकीनों की दीवानगी जगज़ाहिर है। भारत-पाक के बीच किसी भी फोर्मेट का मैच हो, वो चाहे टेस्ट क्रिकेट मैच हो, एकदिवसीय मैच हो या फ़िर चौकों-छक्कों की बरसात वाला कोई टी-20 मैच हो, क्रिकेटप्रेमियों का जुनून देखने लायक होता है। भारत-पाकिस्तान में मौजूद करोड़ों दर्शक एक बार फ़िर से दोनों देशों के बीच होने वाले मैच को लेकर ख़ासे उत्साहित नज़र आ रहे हैं। हालांकि दोनों देशों के बीच होने वाले इस मैच को लेकर मौसम का मिज़ाज क्रिकेट प्रशंसकों को निराश भी कर सकता है, क्योंकि श्रीलंकाई मौसम विभाग ने मैच वाले दिन बारिश का अनुमान जता दिया है।

मौसम का मिज़ाज: क्या धुलेगा मैच?

श्रीलंका के मौसम विभाग और स्काईमेट के मुताबिक़, बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव की वजह 15 और 16 फरवरी को कोलंबो में भारी बारिश की आशंका है, जिसकी वजह से मैच के बारिश में धुलने के आसार बढ़ गए हैं।

मौसम विभाग के बक़ौल, रविवार को मैच के समय 50 प्रतिशत से 75 फ़ीसदी तक बारिश की संभावना है। वैसे राहत की ख़बर ये है कि आर. प्रेमदासा स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम दुनिया के बेहतरीन सिस्टम्स में से एक है। अगर बारिश रुकती है, तो खेल को बहुत जल्दी दोबारा शुरू किया जा सकता है।

क्रिकेट इतिहास की सबसे बड़ी 'आर्थिक वैल्यू'

उल्लेखनीय है कि यह सिर्फ़ एक खेल नहीं, बल्कि एक विशाल बिजनेस इवेंट बन चुका है। क्रिकेट के जानकारों का दावा है कि इस एक मैच से विज्ञापन, टिकट और स्पॉन्सरशिप के ज़रिए ₹2200 करोड़ से ₹4500 करोड़ के बीच राजस्व (Revenue) पैदा होने का अनुमान है। यही नहीं लाइव प्रसारण के दौरान सिर्फ़ 10 सेकंड के विज्ञापन स्लॉट की क़ीमत ₹40 लाख तक पहुंच गई है। इसके अलावा भारत से कोलंबो की फ्लाइट टिकटें जो आमतौर पर ₹15,000-20,000 की होती थीं, वे अब ₹60,000 के पार जा चुकी हैं। सूत्रों की मानें तो कोलंबो के तमाम होटल भी फुल हो चुके हैं।

भारत-पाक टी20 विश्व कप: इतिहास के आइने में

आंकड़े गवाह हैं कि टी20 विश्व कप के मंच पर टीम इंडिया का पलड़ा हमेशा भारी रहा है। अब तक दोनों टीमों के बीच कुल-मिलाकर 8 मैच हो चुके हैं। भारत ने 7 मैचों में जीत दर्ज की है, जबिक पाकिस्तान महज़ 1 ही मैच जीत सका है। क्रिकेट विश्लेषकों और मौजूदा फॉर्म के आधार पर इस बार भी भारत (65%) जीत का प्रबल दावेदार है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत अपने शुरुआती दोनों मैच (अमेरिका और नामीबिया के ख़िलाफ़) जीतकर ग्रुप-A में टॉप पर है। वहीं भारत की तरफ़ से सूर्यकुमार यादव और वरुण चक्रवर्ती शानदार फॉर्म में हैं। पाकिस्तान ने अपने मैच जीते ज़रूर हैं, लेकिन नीदरलैंड्स जैसी टीमों के ख़िलाफ़ उन्हें काफ़ी संघर्ष करना पड़ा है।

ये है संभावित प्लेइंग-XI

दोनों टीमों में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। भारत के स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर अभी भी सस्पेंस बना हुआ है।

टीम इंडिया (संभावित):

सूर्यकुमार यादव (कप्तान), इशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन/अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, रिंकू सिंह, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती/कुलदीप यादव।

पाकिस्तान (संभावित):

सलमान अली आग़ा (कप्तान), बाबर आज़म, मोहम्मद रिज़वान/साहिबज़ादा फ़रहान, फख़र ज़मान, सईम अयूब, शादाब ख़ान, इफ्तिख़ार अहमद/मोहम्मद नवाज़, शाहीन शाह अफरीदी, नसीम शाह, हारिस रऊफ़, अबरार अहमद।

बहरहाल, अगर बारिश बाधा नहीं बनी, तो 15 फ़रवरी की शाम को कोलंबो में क्रिकेट का वो रोमांच देखने को मिलेगा, जिसकी कीमत ₹2200 करोड़ से भी ज़्यादा है। कुल-मिलाकर प्रशंसकों की नज़रें आसमान और पिच दोनों पर टिकी रहेंगी।

Related Post

ਟੀ20 ਸੀਰੀਜ਼ ਦੇ ਵਿਚਾਲੇ ਕ੍ਰਿਕਟ ਜਗਤ ਨੂੰ ਵੱਡਾ ਘਾਟਾ: ਮਹਾਨ ਤੇਜ਼ ਗੇਂਦਬਾਜ਼ ਨੇ ਜਨਮਦਿਨ ਵਾਲੇ ਦਿਨ ਹੀ ਤੋੜਿਆ ਦਮ, ਖੇਡ ਜਗਤ ‘ਚ ਪਸਰਿਆ ਮਾਤਮ
ਭਾਰਤੀ ਖੇਡ ਜਗਤ ਨੂੰ ਵੱਡਾ ਘਾਟਾ: 9 ਗੋਲਡ ਮੈਡਲ ਜੇਤੂ ਜਸਪਾਲ ਰਾਣਾ ਦਾ ਦਿਹਾਂਤ, ਦੇਸ਼ ਭਰ 'ਚ ਸੋਗ ਦੀ ਲਹਿਰ
ਭਾਰਤ-ਅਫਗਾਨਿਸਤਾਨ ਕ੍ਰਿਕਟ ਸੀਰੀਜ਼ ਇਸ ਦਿਨ ਤੋਂ ਹੋਏਗੀ ਸ਼ੁਰੂ, ਸ਼ਡਿਊਲ ਸਣੇ ਜਾਣੋ ਕਿਵੇਂ ਦੇਖ ਸਕਦੇ ਹੋ ਲਾਈਵ ਸਟ੍ਰੀਮਿੰਗ
ਟੀ-20 ਕ੍ਰਿਕਟ 'ਚ ਵੱਡਾ ਫੇਰਬਦਲ: ਸੂਰਿਯਕੁਮਾਰ ਯਾਦਵ ਦੇ ਹੱਥੋਂ ਨਿਕਲੀ ਕਪਤਾਨੀ, ਹੁਣ ਇਸ ਖਿਡਾਰੀ ਨੂੰ ਸੌਂਪੀ ਜਾ ਸਕਦੀ ਟੀਮ ਇੰਡੀਆ ਦੀ ਕਮਾਨ, ਜਾਣੋ ਕੌਣ ਹੋਏਗਾ ਉਪ-ਕਪਤਾਨ
ਜੇਤੂ RCB ਨੂੰ ਮਿਲਿਆ ਛੱਪੜ ਫਾੜ ਕੇ ਖਜ਼ਾਨਾ, ਵੈਭਵ ਸੂਰਯਵੰਸ਼ੀ 'ਤੇ ਕਿੰਨੇ ਕਰੋੜਾਂ ਦੀ ਬਰਸਾਤ; ਜਾਣੋ ਕਿਹੜੇ ਖਿਡਾਰੀ ਨੂੰ ਮਿਲੀ ਕਿੰਨੇ ਪ੍ਰਾਈਜ਼ ਮਨੀ!
ਕ੍ਰਿਕਟ ਜਗਤ ਤੋਂ ਚਿੰਤਾਜਨਕ ਖਬਰ! ਸਾਬਕਾ ਭਾਰਤੀ ਬੱਲੇਬਾਜ਼ ਵਿਨੋਦ ਕਾਂਬਲੀ ਨੂੰ ਬ੍ਰੇਨ ਸਟ੍ਰੋਕ ਦਾ ਖ਼ਤਰਾ, ਦੋਸਤ ਨੇ ਕੀਤਾ ਵੱਡਾ ਖੁਲਾਸਾ

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.