सुखबीर सिंंह बादल का ऐलान, अकाली दल की सरकार आने पर नहीं रहेगा पंजाब में एक भी गैंगस्टर
फिरोजपुर, पंजाब: फिरोज़पुर में नशों के खिलाफ चल रही “ड्रग फ्री – वाइब्रेंट पंजाब” मुहिम के दौरान उस समय सियासी माहौल गरमा गया, जब शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने साफ शब्दों में कहा कि अकाली दल की सरकार आने पर पंजाब में एक भी गैंगस्टर नहीं रहेगा।
पंजाब के राज्यपाल श्री गुलाब चंद कटारिया की अगुवाई में निकली इस पदयात्रा में शामिल होकर सुखबीर बादल ने कहा कि नशों के खिलाफ इस मुहिम का हिस्सा बनना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल कटारिया सिर्फ बयानों तक सीमित नहीं रहे, बल्कि गांव-गांव और शहर-शहर तक पदयात्रा करके नशों के खिलाफ असली जज़्बे के साथ नेतृत्व कर रहे हैं।
मौजूदा सरकार ने सिर्फ खोखले वादे किए हैं
सुखबीर बादल ने कांग्रेस और मौजूदा आम आदमी पार्टी सरकारों पर तंज कसते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने नशों के मुद्दे पर सिर्फ खोखले वादे किए, जबकि हकीकत में कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने दावा किया कि शिरोमणि अकाली दल इस मुहिम को पूरी तरह समर्थन दे रहा है और अपना पूरा योगदान देगा।
आगे बोलते हुए सुखबीर बादल ने पंजाब के लोगों को भरोसा दिलाया कि जब 2027 में अकाली दल की सरकार बनेगी, तो नशों के साथ-साथ गैंगस्टरवाद को भी पूरी तरह खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक वादा नहीं, बल्कि पंजाब के भविष्य को बचाने के लिए एक पक्का संकल्प है। इस बयान के बाद फिरोज़पुर की पदयात्रा सिर्फ नशों के खिलाफ अभियान ही नहीं रही, बल्कि 2027 की राजनीति की ओर इशारा करती एक महत्वपूर्ण घटना के रूप में सामने आई।