CM ऑफिस, पंजाब सचिवालय और चंडीगढ़ कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, तलाशी अभियान शुरु
चंडीगढ़ पंजाब: चंडीगढ़ में पंजाब सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। यह धमकी ईमेल के माध्यम से दी गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और पूरे इलाके को खाली करा लिया गया। मिली जानकारी के अनुसार, संबंधित विभाग को एक धमकी भरा ईमेल प्राप्त हुआ, जिसमें पंजाब सचिवालय में विस्फोट करने की बात कही गई थी। सुरक्षा कारणों से पुलिस ने तुरंत इलाके को घेर लिया और लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

पुलिस, बम निरोधक दल और खोजी कुत्ते दल मौके पर पहुंच चुके हैं। पूरे इलाके की गहन तलाशी ली जा रही है। संदिग्ध वस्तुओं की जांच की जा रही है और आने-जाने वाले सभी लोगों पर नजर रखी जा रही है।
चंडीगढ़ कोर्ट को बम से उड़ाने का ईमेल
पुलिस सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल में दोपहर 2:11 बजे सचिवालय में बम विस्फोट का जिक्र है। इसमें यह भी कहा गया है कि दोपहर 3:11 बजे चंडीगढ़ की अदालत में विस्फोट होगा। सामने आए ईमेल के स्क्रीनशॉट से पता चलता है कि यह आज सुबह 9:46 बजे सचिवालय को प्राप्त हुआ था। इसमें कहा गया है कि दोपहर 2:11 बजे मुख्यमंत्री भगवंत मान के कार्यालय, सचिवालय और चंडीगढ़ कोर्ट में विस्फोट होगा।
मुख्यमंत्री के कार्यालय में विस्फोट की धमकी
इसके बाद लिखा है - पंजाब अब खालिस्तान ही रहेगा। दोपहर 2:11 बजे मान ( मुख्यमंत्री भगवंत मान ) के कार्यालय में विस्फोट होगा । दोपहर 3:11 बजे चंडीगढ़ कोर्ट में विस्फोट होगा। ईमेल के अंत में भगवंत मान के कार्यालय और घर को निशाना बनाने का जिक्र है। हालांकि, एबीपी सांझा इसकी पुष्टि नहीं करता, क्योंकि इससे पहले आई धमकी भरी खबरें झूठी साबित हुईं।