गुरदासपुर गोलीबारी के बाद अमृतसर में हाई अलर्ट, अजनाला में सख्त नाकाबंदी, बढ़ाई गई सुरक्षा
गुरदासपुर, पंजाब: गुरदासपुर के अडिया गांव में गोलीबारी में पुलिसकर्मियों की मौत के बाद सीमा पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ने कल देर रात से अमृतसर ग्रामीण के अजनाला इलाके में विशेष नाकाबंदी कर रखी है। पुलिस ने आने-जाने वाले सभी वाहनों की कड़ी जांच शुरू कर दी है। डीएसपी पवन कुमार ने बताया कि सुरक्षा कारणों से सीमा पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।
असामाजिक गतिविधि को नहीं किया जाएगा बर्दाश्त
डीएसपी ने कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को तुरंत रोका जाएगा और संदिग्धों की पहचान करके उनके खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें और पुलिस के साथ सहयोग करें। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि इलाके में किसी भी तरह की असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अजनाला इलाके में तैनात पुलिस बल लगातार गश्त कर रहा है और सभी मुख्य सड़कों पर चेकपॉइंट स्थापित किए गए हैं। डीएसपी पवन कुमार ने कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सुरक्षा की दृष्टि से यह कदम आवश्यक है। उन्होंने जनता से अपील की कि यदि उन्हें कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।