जोरहाट के इंस्टीट्यूट के गोदाम में लगी भीषण आग, कई ज़ोरदार धमाके, इलाक़े में दहशत

By  Preeti Kamal February 20th 2026 11:39 AM -- Updated: February 20th 2026 11:40 AM

जोरहाट, असम: जोरहाट स्थित सीएसआईआर-नॉर्थ ईस्ट इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (NEIST) के केंद्रीय गोदाम में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई, जिससे एक के बाद एक कई जोरदार धमाके हुए। यह घटना संस्थान के केंद्रीय गोदाम में हुई, जहां बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ और विभिन्न शोध सामग्रियां रखी गई थीं। सूत्रों के अनुसार, थोड़े-थोड़े अंतराल में दस से अधिक धमाकों की आवाज सुनी गई, जिससे आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई और स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी मच गई।

कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। कई घंटों की लगातार मशक्कत के बाद आग पर शुक्रवार तड़के काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने और धमाकों के सटीक कारणों का पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों ने अभी तक नुकसान की पूरी जानकारी की पुष्टि नहीं की है। हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू किए जाने की संभावना है।

ONGC और भारतीय वायुसेना की दमकल गाड़ियों ने किया सहयोग

उल्लेखनीय है कि जोरहाट सदर से अग्निशमन दल के अलावा मरियानी, तिताबोर, बोरहोला़, तेओक और डेरगांव से भी दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं। दस से अधिक दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाया गया। ONGC और भारतीय वायुसेना की दमकल गाड़ियों ने भी अभियान में सहयोग किया। आज सुबह तक आग को पूरी तरह बुझाने के प्रयास जारी हैं और दमकलकर्मी घटनास्थल पर लगातार काम कर रहे हैं।

© Copyright Galactic Television & Communications Pvt. Ltd. 2026. All rights reserved.